
चौखुटिया। पेयजल संकट से जूझ रहे तीन विकास खंड की 76 ग्राम पंचायतों में जल्दी पेयजल आपूर्ति सुचारू होने के आसार नहीं हैं। नदी का जल स्तर कम होने तक नैथना देवी योजना के पंप हाउस में लगे पाइपों की मरम्मत हो पाना संभव नहीं है। विभाग ने इस बारे में प्रशासन को अवगत करा दिया है।
रामगंगा में आई बाढ़ से मासी में स्थित नैथना देवी पेयजल योजना के पंप हाउस में लगे सेक्शन पाइप क्षतिग्रस्त हो गए हैं जिससे चौखुटिया, द्वाराहाट ओर भिकियासैंण ब्लाकों की कुल 76 ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति दूसरे दिन भी ठप रही। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि फिलहाल तुरंत सभी 76 ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति सुचारू होने के कोई आसार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि रामगंगा का जलस्तर कम होने के बाद ही क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत हो पाएगी। उन्होंने बताया कि इस बारे उप जिलाधिकारी को भी लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है। पेयजल आपूर्ति ठप होने से प्रभावित ग्राम पंचायतों के ग्रामीण प्राकृतिक जल स्रोतों तथा अन्य माध्यमों से पानी की व्यवस्था कर रहे हैं।
