70 फीसदी घटा आभूषणों का कारोबार

बिलासपुर। महंगाई और सोने की कीमत में आ रहा उतार-चढ़ाव कारोबार पर भारी पड़ने लगा है। स्वर्णकारों का नवरात्र और करवाचौथ फीका रहा। अब धनतेरस और दीपावली के लिए भी गहनों की खास बुकिंग नहीं है। पिछले साल की तुलना इस साल सोने के कारोबार में 70 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की जा रही है। स्वर्णकारों का धंधा मंदा चला हुआ है। पिछले वित्त वर्ष के दौरान जिले में लगभग तीन करोड़ रुपये के गहनों का कारोबार हुआ था।
दीपावली, धनतेरस का त्यौहार आने वाला है। ग्राहक को कोई भी विशेष ऑफर भी नहीं दिया जा रहा है। बाजार में अभी तक गहनों का कोई खास डिजाइन नहीं आया हुआ है। बुकिंग तक नहीं। पिछले वर्ष यहां तैनात सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग विवेक महाजन ने कहा कि पिछले साल जिला में करीब तीन करोड़ के गहनों का कारोबार हुआ था।

इनसेट के लिए
1. स्वर्णकार संघ बिलासपुर के प्रधान प्रेम सोनी के अनुसार आए दिन मार्केट में आ रहे उतार चढ़ाव के चलते लोग सोना, चांदी की वस्तुएं खरीदने से कतरा रहे हैं। साथ ही बढ़ती महंगाई का असर भी दिखाई दे रहा है।
2. रामनाथ एंड सन्ज बिलासपुर के विक्की के मुताबिक कारोबार में काफी कमी आई है। लगभग 75 फीसदी कारोबार घटा है। सोना और चांदी महंगा होने का असर बाजार पर पड़ा है।
3. संजय सोनी के मुताबिक करवाचौथ और नवरात्र फीके रहे हैं। आगामी बुकिंग भी न के बराबर है। कारोबार में भारी कमी आई है।
4. स्वर्णकार चमन के मुताबिक सोने के दामों में उतार-चढ़ाव की वजह से लोग सोना खरीदने से कतराने लगे हैं। कब सोना महंगा और सस्ता हो जाए पता नहीं लगता। ऐसे में खरीदारी घटी है।
5. ओम चंद सोनी ने कहा कि सोने के कारोबार में 70 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की जा रही है। अब धनतेरस और दीपावली पर कुछ उम्मीदे हैं।

सोना 32150, चांदी पांच सौ रुपये तोला
बिलासपुर। इस साल मार्केट में आ रही गिरावट का खामियाजा सुनारों को भी भुगतना पड़ रहा है। वर्तमान में सोना 32150 रुपये तोला तथा चांदी 500 रुपये तोला था। एक समय था जब सोना 24500 रुपये तथा चांदी चार सौ रुपये तोला पर पहुंच गया था।

Related posts