70 दिन बाद पब्बर से मिला छात्रा का शव

रोहड़ू। पटसारी के समीप चामशू झूले से गिरी छात्रा का शव 70 दिन बाद अंटी के साथ पब्बर नदी के तट से गली सड़ी हालात में मिला है। शव की सूचना मिलने के बाद परिजनोें ने मौके पर पहुंच कर छात्रा की पहचान कर ली है। पुलिस तथा डाक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
सरस्वती नगर कालेज में पढ़ने वाली छात्रा कामिनी (19) 16 मार्च को परीक्षा देने जाते समय पब्बर नदी को पार करते वक्त झूले से गिर गई थी। दूर से लोगों ने छात्रा को नदी में बहते देखा था। उसके बाद कई दिन तक ग्रामीणों ने पब्बर नदी में दूर-दूर तक छात्रा की तलाश की। उसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से छात्रा को नदी में तलाशने की लगातार कोशिश की। लेकिन, ढाई महीने तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को लोगों ने अंटी के समीप पब्बर नदी के तट पर एक शव को पानी में फंसा देखा। सूचना के बाद छात्रा के माता-पिता ने मौके पर पहुंच कर उसकी उसकी पहचान की।
जुब्बल के थाना प्रभारी दया राम ठाकुर ने बताया कि छात्रा के शव की परिजनों ने पहचान कर ली है। उन्होंने कहा कि छात्रा के गले में ताबीज, जीन की पैंट तथा एक पैर में सफेद जूता था। उसके आधार पर परिजनों ने पहचान कर ली है। उन्होेंने कहा कि शव गल चुका था, इसलिए चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंच कर छात्रा का पोस्टमार्टम किया है। उन्होंने कहा कि छात्रा के शव को दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।

Related posts