
जम्मू

जम्मू-कश्मीर में पुलवामा जिले के बेगपुरा में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर रियाज नायकू को आज सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी की जिसके बाद घंटों चली मुठभेड़ में 12 लाख के इनामी आतंकी रियाज नायकू को ढेर कर दिया। रियाज पहले गणित विषय का अध्यापक था जिसने बाद में बंदूक थाम ली।
कुछ समय पहले बारामुला जिले को आतंकवाद मुक्त घोषित करने और उत्तरी कश्मीर में आतंक का ग्राफ गिरने से बौखलाए आतंकी संगठनों के आकाओं ने एक बार फिर से रणनीति में बदलाव किया था। इसे फिर से आतंक का हॉट बेल्ट बनाने की कोशिश थी।
आतंकी संगठनों को पाकिस्तान में बैठे आकाओं का ज्यादा से ज्यादा हमले करने का फरमान मिला है। यही वजह है कि पिछले एक महीने में सात आतंकी हमले हुए जिसमें 18 जवानों को शहादत देनी पड़ी। आठ आतंकी भी मारे गए।
वर्ष 2020 की शुरुआत जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों के लिए काफी अच्छी रही थी। पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने बताया था कि साल के पहले डेढ़ महीने के दौरान करीब 10 सफल ऑपरेशनों में 23 आतंकियों को मार गिराया गया और 40 के करीब ओजीडब्ल्यू व आतंकी समर्थक गिरफ्तार किए।
इसके अलावा कई भटके युवाओं की घर वापसी भी करवाई गई, लेकिन अब अचानक से आतंकी वारदातें बढ़ने से सुरक्षाबलों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ा। साथ ही आतंकियों की रणनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला।
उत्तरी कश्मीर में एक महीने में हुई बड़ी घटनाएं
3 अप्रैल : हंदवाड़ा और सोपोर में लश्कर के चार आतंकियों सहित पांच समर्थक गिरफ्तार।
5 अप्रैल : केरन सेक्टर में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में पांच आतंकी ढेर और पांच जवान शहीद।
8 अप्रैल : आरमपोरा सोपोर में हुई मुठभेड़ में जैश कमांडर सज्जाद नवाबी ढेर।
9 अप्रैल : बारामुला जिले में जैश ए मोहम्मद का आतंकी बशीर अहमद गिरफ्तार।
12 अप्रैल : तुमाना चौकीबल में पाकिस्तानी गोलाबारी में तीन स्थानीय लोगों की मौत।
18 अप्रैल : अहदसाब सोपोर में आतंकी हमले में तीन सीआरपीएफ के जवान शहीद।
27 अप्रैल : उड़ी में लश्कर के एक सक्रिय आतंकी जुबैर अहमद तांतरे और समर्थक बिलाल अहमद राथर गिरफ्तार।
1 मई : उड़ी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में सेना के दो जवान शहीद और 2 बच्चियां घायल।
2 मई : हंदवाड़ा में लश्कर कमांडर हैदर समेत दो आतंकी ढेर। कर्नल, मेजर और पुलिस के एसआई सहित 5 शहीद।
4 मई : हंदवाड़ा में सीआरपीएफ पर आतंकी हमला, तीन जवान शहीद और एक स्थानीय नागरिक की मौत।
