
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ जल प्रलय के 66 दिन बाद कुंड-ऊखीमठ मोटर मार्ग को लोनिवि ने वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। वहीं केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांसवाड़ा और कुंड के बीच एक स्थान पर दलदल होने के कारण यहां वाहनों का आवागमन नहीं हो पा रहा है। उम्मीद है शुक्रवार तक ऊखीमठ क्षेत्र का जिला मुख्यालय से सीधा यातायात संपर्क हो जाएगा।
16/17 जून को मंदाकिनी नदी की बाढ़ से कुंड-ऊखीमठ (08 किलोमीटर) मार्ग और रुद्रप्रयाग-केदारनाथ (76 किलोमीटर) राष्ट्रीय राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को बीआरओ ने दो दिन पूर्व रुद्रप्रयाग से कुंड (36 किलोमीटर) तक अस्थायी रुप से खोल दिया थ, लेकिन बारिश के कारण गिंवाड़ी गांव (किलोमीटर 31) में दलदल के कारण यहां से आगे वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। दोनोें मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से ऊखीमठवासी चमोली जिले की परिक्रमा या मक्कू-परकंडी-भीरी मार्ग से जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं, जबकि ऊखीमठ से रुद्रप्रयाग की कुल दूरी 45 किलोमीटर है।
