61 सिपाही बनेंगे हेड कांस्टेबल

धर्मशाला। पुलिस की नार्थ रेंज के अंतर्गत कांगड़ा, चंबा और ऊना जिलों में सेवाएं दे रहे आरक्षियों के लिए खुशखबरी है। रेंज के तहत कुल 61 कांस्टेबल अब हेडकांस्टेबल बनने वाले हैं। कांस्टेबल की पदोन्नति के लिए आईजी आफिस धर्मशाला में तमाम औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार आईजी आफिस धर्मशाला से तीनों जिलों और चार इकाइयों के कांस्टेबल के नाम पदोन्नति के लिए हेडक्वार्टर शिमला भेजे गए हैं। नार्थ रेंज से 61 कांस्टेबलाें की पदोन्नति होनी है। इनकी नियुक्ति कोटे के आधार पर हो रही है। आईजी आफिस से कांगड़ा, ऊना और चंबा से पदोन्नति के लिए सिफारिशें मांगी गई थीं। एसपी आफिस से नामों की सिफारिशें आईजी आफिस भेजी गईं। अब आईजी कार्यालय ने कुल 88 कांस्टेबल के नामों की सिफारिश पदोन्नति के लिए पुलिस हेडर्क्वाटर भेजी है। इनमें से 61 को पदोन्नति दी जाएगी। इससे इनके वेतनमान में भी इजाफा होगा। नार्थ रेंज में दो चरणों में 31 और 30 रिक्तियां हैं। इसके लिए 78 और 53 सिफारिशें तीनों जिलों और अधीनस्थ इकाइयों से आई थीं। इनमें से 36 और 52 पात्र कर्मचारियों क ा चयन कर पदोन्नति के लिए सिफारिश की गई है। वहीं, 10 प्रतिशत कोटे के लिए कर्मचारी का सेवाकाल 15 वर्ष तक होना चाहिए। जबकि , 5 प्रतिशत कोटे केलिए कर्मचारी का सेवाकाल 30 वर्ष होना जरूरी है।
दोनों कोटों की योग्यता के लिए विभागीय प्रशिक्षण, वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट, खेल गतिविधियों के लिए प्राप्त अंकों को आधार माना गया है। उधर, आईजी राकेश अग्रवाल (नार्थ रेंज ) ने बताया कि कांस्टेबल की पदोन्नति के लिए सिफारिश की गई है। संबंधित फाइल हेडक्वार्टर शिमला भेज दी गई है। रेंज में कुल 61 रिक्तियां हैं, जिन्हें प्रोमोशन के आधार पर भरा जाएगा।

Related posts