
धर्मशाला। प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के बावजूद दुकानदार मिठाई को डिब्बे समेत तौल रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को मोटी चपत लग रही है। डिब्बे के साथ मिठाई तौल कर दुकानदार खूब मुनाफा ले रहे हैं। आधा किलो मिठाई के डिब्बे का भार करीब 60-70 ग्राम होता है जबकि एक किलो के डिब्बे का भार 110 ग्राम तक होता है।
इस तरह 600 रुपये किलो बर्फी खरीदने पर उपभोक्ता को 60 रुपये की चपत लगाई जा रही है। इससे उपभोक्ता अनजान हैं। दुकानदार उपभोक्ता की आंख में धूल झोंककर यह मुनाफा ऐंठ रहे हैं लेकिन विभाग की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही। त्योहार के सीजन में तो दुकानदारों का गोरखधंधा खूब चला हुआ है। जिला कांगड़ा में नाममात्र दुकानदार ही नियमों का पालन कर रहे हैं।
दुकानदार डिब्बे के साथ ही मिठाई तौल रहे : उपभोक्ता
धर्मशाला की मिठाई दुकानों में खरीदारी करने पहुंचे उपभोक्ताओं मदन लाल और राजू धीमान का कहना है कि उन्होंने कभी भी मिठाई खरीदते समय डिब्बा साथ में तौला जा रहा है या नहीं, ध्यान नहीं दिया। उपभोक्ताओं राजीव कुमार, राजेंद्र डोगरा, विमला देवी, अनुपमा कुमारी, राशि पठानिया, कमलेश देवी का भी यही कहना है कि उन्होंने हमेशा डिब्बों के साथ ही मिठाई खरीदी। दुकानदार डिब्बे के साथ ही मिठाई तौल रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि वे नियमों का पूरा पालन कर रहे हैं। डिब्बे का भार अलग से तौला जाता है। डोगरू स्वीट्स धर्मशाला के हरबंस लाल का कहना है कि वह मिठाई तौलते वक्त डिब्बे का भार अलग से शामिल कर लेते हैं। घनश्याम स्वीट्स के अजय शर्मा का कहना है कि डिब्बे का भार मिठाई के साथ अतिरिक्त तौला जा रहा है।
जिला खाद्य नियंत्रक बलवंत सिंह का कहना है छापेमारी अभियान चलाया गया है। मापतौल विभाग इस मामले में कार्रवाई कर रहा है
