60 करोड़ से होगी तटबंधों की मरम्मत

लक्सर। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने गंगा और सोलानी के क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत के लिए 60 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अब तटबंधों पर पत्थरों की पेचिंग भी कराई जाएगी। इससे बाढ़ का खतरा कम हो जाएगा। प्रदेश में होने वाले निर्माण कार्यों के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। यदि नवनिर्माण क्षतिग्रस्त होता है तो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लक्सर में बिरला टायर फैक्ट्री के गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि खानपुर और लक्सर के गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए तटबंधों की मरम्मत को 60 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहाड़ में आई आपदा से निपटने में सफल रही है। एक लाख से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित उनके घरों को भेजा गया। उन्होंने कहा कि आपदा पीड़ितों की मदद के लिए मानकों में ढील दी गई है। यदि किसी पीड़ित को पुराने मानक से मदद मिली है तो अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उन्हें दोबारा से मदद दिलवाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसानों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। सीएम ने कहा कि प्रदेश की नदियों के तल बढ़ गए हैं, जिससे कटाव हो रहा है। नदियों में खनन के लिए केंद्र से अनुमति ली जाएगी। इस मौके पर खानपुर के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, पूर्व दर्जाधारी संजय पालीवाल आदि उपस्थित थे।

Related posts