
सोलन। डिपुओं में सड़े गेहूं की सप्लाई पहुंचने से पहले ही फूड कारपोरेशन आफ इंडिया के आला अधिकारियों ने गोदाम से बाहर ही 52 बोरियां सीलबंद कर दी हैं। अखबार ने 14 मई के संस्करण में प्रमुखता से ‘सोलन के लिए भेज दी सड़े गेहूं की सप्लाई’ शीर्षक से खबर को प्रकाशित किया था।
खबर छपने के बाद हरकत में आए आला अधिकारियों ने ट्रकों में भरे सामान का निरीक्षण किया। शिमला से विशेष रूप से गठित टीम ने यह कार्रवाई की है। शिकायत दर्ज कर क्वालिटी कंट्रोल विंग ने सामान भेजने वाले अधिकारियों की जेब से पेनाल्टी वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तय स्टाक से अलग माल भेजने की आशंका व्यक्त की जा रही है। रिकवरी के साथ-साथ कथित घोटाले की जांच भी शुरू हो गई
बोरियां वापस नहीं भेजी : शर्मा
फूड कारपोरेशन आफ इंडिया शिमला कार्यालय (क्वालिटी कंट्रोल विंग) के प्रबंधक अनिरुद्ध शर्मा के अनुसार कोई भी गेहूं की बोरी वापस नहीं भेजी गई है। नियमों के मुताबिक खराब सामान को वापस नहीं भेजा जा सकता है। 52 बोरियों को सीलबंद किया गया है। रिकवरी संबंधित अधिकारियों की जेब से होगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुराने और नए स्टॉक की पड़ताल शुरू
गोदाम के स्टॉक की चेकिंग शुरू हो गई है। मौजूदा वक्त में करीब पांच सौ बोरियों का स्टॉक गोदाम में पड़ा है। माल की चेकिंग अधिकारी कर रहे हैं। इसकी रिपोर्ट अधिकारी शिमला स्थित कार्यालय में करेंगे।
हमारे कार्य क्षेत्र में नहीं सैंपलिंग : पाल
खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के नियंत्रक यादवेंद्र पाल ने कहा कि एफसीआई के गोदाम की चेकिंग उनके कार्य क्षेत्र में नहीं आती है। न ही वो कोई सैंपलिंग कर सकते हैं। लेकिन जो सामान एफसीआई से उठाया जा रहा है, उसकी निगरानी की जा रही है।
