
नौहराधार (सिरमौर)। ठठारना के पास 33 केवी विद्युत लाइन के ट्रांसफार्मर के खराब होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। यह ट्रांसफार्मर शनिवार देर रात खराब हो गया। इसके चलते चाढ़ना एवं पनोग विद्युत उपमंडलों में बिजली सप्लाई रविवार को भी नहीं हो सकी। यहां दोनों उपमंडलों को मिलाकर लगभग 52 पंचायतें हैं।
लगातार बारिश होने से तारों में ट्रिपिंग हो रही है। क्षेत्र के लोग बीते 4 दिनों से जिला से पूरी तरह से कटे हुए हैं। विद्युत एवं यातायात व्यवस्थाएं पूरी तरह से चरमराई हुई हैं। विद्युत उपमंडल चाढ़ना के सहायक अभियंता एमआर भारद्वाज की माने तो 33 केवी लाइन को ठीक करने में मौसम खलल डाल रहा है। जब जब वर्षा अथवा बर्फबारी रहेगी कार्य नहीं हो पाएगा। स्टाफ की कमी भी आडे़ आ रही है। फिर भी पूरा प्रयास है कि जल्द ठीक होने वाली लाइनों को पहले चालू किया जाए।
—
25 फरवरी तक रहें स्कूल बंद
नौहराधार (सिरमौर)। क्षेत्र में हो रही भारी बर्फबारी तथा भीषण ठंड के बीच 50 दुर्गम प्राइमरी स्कूलों एवं 16 हाई तथा वरिष्ठ स्कूलों के एसएमसी प्रधानों ने राज्य सरकार से मांग की है कि क्षेत्र के स्कूल 25 फरवरी तक बंद किए जाएं।
स्कूल एसएमसी प्रधान विजय सिंह, इंदरा देवी, गुमान सिंह, जगमोहन, देवराज अदि ने कहा है कि क्षेत्र में स्कूल पहुंचने के लिए हालात ठीक नहीं हैं। जबकि पीटीएफ शिक्षक संघ के प्रधान नरेश कुमार एवं नौहराखंड प्राईमरी शिक्षा अधिकारी चेतराम शर्मा ने कहा है कि स्कूलों तक पहुंचने के लिए कोई भी मार्ग सामान्य नहीं है। उधर संगड़ाह एसडीएम हरबंश नेगी ने बताया कि ग्रामीणों की मांग उपायुक्त के समक्ष रखी जाएगी।
