50 वाहनों के चालान, 33 हजार जुर्माना वसूला

शिमला। नियमों को ताक पर रख कर गाड़ियां दौड़ा रहे वाहन चालकों पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। बिना परमिट और रजिस्ट्रेशन चल रही गाड़ियों पर कार्रवाई की गई है। विभाग ने बिना परमिट चल रही दो ट्रैक्स गाड़ियों को जब्त किया है। बिना वर्दी बसें चला रहे चालकों के भी चालान किए गए हैं। एआरटीओ रविंद्र कुमार शर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
वीरवार को परिवहन विभाग की टीम ने शोघी, तारादेवी, संजौली व ढली में कार्रवाई की। एआरटीओ रविंद्र कुमार शर्मा की अगुवाई में परिवहन विभाग की टीम ने 50 वाहनों के चालान कर करीब 33 हजार रुपये जुर्माना वसूला। रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान रोहड़ूू से शिमला आ रहे और शिमला में लोकल रूटों पर दौड़ रहे दो ट्रैक्सों को जब्त किया गया है। ट्रैक्स मालिकों ने 2011 से लेकर टैक्स जमा नहीं किया था। इसके अलावा गाड़ियों की पासिंग भी नहीं करवाई गई थी। शहर के रूटों पर बिना वर्दी बसें चला रहे और बसों में स्टीरियो लगाने वाले चालकों के भी चालान किए गए हैं। परिवहन विभाग की ओर से आने वाले दिनों में भी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Related posts