50 मीटर गहरे खड्ड में गिरी सूमो, दो की मौत

उत्तरकाशी। हर्षिल से सुक्की टॉप की ओर आ रही टाटा सूमो अनियंत्रित होकर भागीरथी की ओर झाला के पास करीब 50 मीटर गहरे खड्ड में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा सात लोग घायल हुए। बताया जा रहा है कि हेडलाइट खराब होने से गाड़ी टॉर्च की रोशनी में चलाई जा रही थी।
सोमवार रात साढ़े सात बजे टाटा सूमो संख्या यूके07-5265 हर्षिल से सुक्की आ रही थी। झाला के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर भागीरथी की ओर लुढ़क गई। हादसे में बीआरओ की गैंग में शामिल मजदूर राधा देवी (40) पत्नी रतन बहादुर एवं सुक्की गांव निवासी बृजमोहन (28) पुत्र जयराम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर चोटें आने पर रतन बहादुर, जीतू थापा, मोहन लाल तथा वाहन चालक प्रकाश भंडारी को मंगलवार को हेलीकाप्टर की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां रतन बहादुर की हालत गंभीर बनी है। वाहन में सवार तीन अन्य अनीता, ललिता, बलवीर सिंह को सामान्य चोटें आईं और वे मौके से ही घर चले गए।
घायल जीतू थापा ने बताया कि वाहन की हेडलाइट खराब थी। इससे चालक सवारियों द्वारा दिखाई जा रही टॉर्च की रोशनी में ही गाड़ी चला रहा था। यही हादसे का कारण बना। मनेरी के थाना प्रभारी अर्जुन रावत ने बताया कि दुर्घटना में मारे गए दो व्यक्तियों के शव, घायलों को हेलीकाप्टर की मदद से उत्तरकाशी ले आए हैं। घायलों से पूछताछ के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।

Related posts