50 फीसदी पंचायतों में भी कोरम पूरा नहीं

मंडी। जिला मंडी की अधिकांश पंचायतों में कोरम पूरा न होने से ग्राम सभाएं स्थगित करनी पड़ीं। इससे खाद्य सुरक्षा बिल के तहत पात्र लोगों का चयन, सोशल ऑडिट और अन्य विकास कार्यों पर चर्चा नहीं हो पाई। स्थगित ग्राम सभाएं अब 15 दिसंबर को दोबारा हागी।
जिला मंडी की 473 पंचायतों में रविवार को ग्राम सभाएं रखी गई थीं लेकिन इनमें लोगों की भागीदारी कम होने के कारण कोरम पूरा नहीं हुआ। इससे ग्राम सभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। कोरम के अभाव में ग्राम सभाओं में आए लोगों को वापस लौटना पड़ा। रविवार को जिले की 50 प्रतिशत पंचायतों में भी कोरम पूरा नहीं हो पाया।
जिले के सदर, बल्ह, सुंदरनगर, करसोग, गोपालपुर, धर्मपुर, चौंतड़ा, द्रंग, सराज, गोहर विकास खंड के तहत 473 पंचायतें हैं। गोहर विकास खंड के तहत चैलचौक, चच्योट, बासा, वाल्हड़ी, मौवीसेरी, छपराहण, बैला, नांडी, स्यांज, बाहवा, गोहर, देलग, शाला, तुना, जहल आदि पंचायतों में कोरम पूरा नहीं हुआ। ग्राम सभाएं स्थगित होने से पंचायतों में सोशल ऑडिट, खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र व्यक्तियों का चयन नहीं हो सका। वहीं, परिवार खातों को अलग करने के आए आवेदनों पर चर्चा नहीं हो पाई। अन्य योजनाओं के प्रस्ताव भी पारित नहीं हुए। चैलचौक पंचायत के सचिव राकेश कुमार ने बताया कि चैलचौक में नाम मात्र लोगों ने ग्रामसभा में हाजिरी भरी। स्थगित ग्रामसभाएं अब 15 दिसंबर को आयोजित होगी। इसके अलावा कटौला, चौंतड़ा, बखरौट, भरौरी, धर्मपुर, लौंगणी, समौड़, बिंगा पंचायतों की ग्राम सभाओं में लोगों की उपस्थित नाममात्र होने से कोरम पूरा नहीं हुआ।
जिला पंचायत अधिकारी रमन कुमार ने बताया कि रविवार को जिले की सभी 473 पंचायतों में ग्राम सभा होनी थीं। कितनी पंचायतों में कोरम पूरा नहीं हुआ, इसकी रिपोर्ट खंड विकास कार्यालय के माध्यम से आएगी।

Related posts