45 लाख से घुमारवीं बस स्टैंड का विस्तार

घुमारवीं (बिलासपुर)। सीपीएस राजेश धर्माणी ने कहा है कि घुमारवीं बस अड्डे का जल्द विस्तारीकरण किया जाएगा। इस पर 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बस स्टैंड में ही 16 लाख रुपये शौचालयों का भी निर्माण होगा। धर्माणी घुमारवीं में जन समस्याएं सुनने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि घुमारवीं को हरा-भरा व सुंदर बनाने के लिए शहरी वनीकरण योजना के तहत पांच लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने घुमारवीं में लोनिवि के विश्राम गृह के विस्तार, केंद्रीय विद्यालय खोलने तथा आईटीआई खोलने के लिए धन उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। धर्माणी ने बताया कि घुमारवीं के पास लगती खड्ड के चैनलाइजेशन कार्य को शुरू कर दिया गया है। इस खड्ड पर चैकडैम बनाकर लोगों को सिंचाई सुविधा प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर बीडीसी सदस्य राकेश भारद्वाज, कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा, पार्षद मीरा कुमारी, निशा शर्मा, विनोद शिला, हरीश उप्पल, प्रेम सिंह, प्रेम लाल खाची, ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम टेसू, सुमेश चड्ढा, निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रधान अनिल मिंटू के अतिरिक्त शहरवासी तथा कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts