
410 हेक्टेयर में होगी जैविक खेती
सोलन। सोलन जिले में 410 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को जैविक खेती के अंतर्गत लाया जा रहा है। जिससे लगभग 1900 किसान लाभान्वित होंगे। प्रत्येक किसान के घर पर बर्मी कंपोस्ट पिट तथा बेड स्थापित करने के लिए 5000 रुपये का उपदान दिया जाएगा। जिला के किसान इस योजना का लाभ उठाने के लिए कृषि विभाग में आवेदन कर सकते हैं। इसकी पुष्टि डीसी मदन चौहान ने की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को समय-समय पर शिविरों के माध्यम से जानकारी उपलब्ध करवा रही है और किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जैविक खाद से तैयार उत्पादों की बाजार में अधिकतर मांग है और इसके किसानों को अच्छे दाम प्राप्त हो रहे हैं। कृषि विभाग द्वारा दिसंबर, 2013 तक किसानों को 3009 वर्मी बेड और 6000 वर्मी पिट्स वर्मी कल्चर सहित उपलब्ध करवाए गए हैं और 1730 किसानों का जैविक खेती उत्पादन के लिए पंजीकरण किया गया है। जिले में 200 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र को कृषि के अंतर्गत लाया गया है।
कृषि उपनिदेशक डॉ. वाईपी शर्मा ने बताया कि इस वर्ष किसानों को 1017 क्विंटल मक्की और 7350 क्विंटल गेहूं के बीज के अलावा 370 क्विंटल दलहनी फसलों का बीज 50 प्रतिशन उपदान पर दिया गया। इसके अलावा किसानों को 7419 कृषि उपकरण उपदान पर उपलब्ध करवाएं गए हैं। भूमि की उपजाऊ शक्ति को बढ़ाने के लिए कृषि विभाग द्वारा खेत की मिट्टी की जांच की जा रही है। दिसंबर, 2013 तक विभाग द्वारा 8660 मिट्टी के परीक्षण किए गए और 8599 मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड किसानों को वितरित किए गए।
