40 लाख से ऊपर नहीं खर्च सकेंगे प्रत्याशी

धर्मशाला। भारत चुनाव आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार की व्यय सीमा 40 लाख रुपये निर्धारित की गई है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, राकेश शर्मा ने यह जानकारी जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति की बैठक में दी। आदर्श आचार संहिता की अनुपालना के लिए जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक्स मीडिया के अतिरिक्त केवल नेटवर्क, रिकॉर्डर, सीडी, विज्ञापनों तथा पेड न्यूज पर पैनी नजर रखेगी। समिति प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक्स मीडिया विज्ञापन एवं पेड न्यूज की शिकायतों के सत्यापन संबंधी दायित्व का निर्वहन करेगी। राकेश शर्मा ने उम्मीदवार पर खर्च निर्धारण किए जाने की विभिन्न प्रक्रियाओं और धाराओं के विस्तृत पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति का गठन किया जा चुका है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा सी पॉलरासु समिति के अध्यक्ष होंगे। जबकि, ललित मोहन और राजकुमार शर्मा कार्यक्रम अधिकारी, आकाशवाणी धर्मशाला के मनोनीत सदस्य और जिला लोक संपर्क अधिकारी मुहम्मद अमीन शेख चिश्ती समिति सदस्य सचिव के कार्य का निर्वहन करेंगे।

Related posts