40 लाख खर्च कर सकें गे प्रत्याशी : एसडीएम

चंबा। मंडी संसदीय क्षेत्र के उप चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता एसडीएम बचन सिंह ने की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के सहयोग से आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया पूरी करना ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संसदीय निर्वाचन के लिए प्रत्याशी 40 लाख तक की राशि व्यय कर सकता है। यह राशि नामांकन की तिथि से लेकर परिणाम की घोषणा तक खर्च की जा सकती है। इसका उचित लेखा जोखा रखना अनिवार्य है। ऐसा न करने की सूरत में प्रत्याशी पर आईपीसी की धारा 171 के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टर, पब्लिक मीटिंग, रैलियां वाहन, प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया का व्यय इसी राशि में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को धन, शराब व अन्य वस्तुओं का लालच देना अपराध है, यह रिश्वत के समान है इससे दूर रहना चाहिए। उन्होंने पेड न्यूज व विज्ञापनों के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की। इसके अलावा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक की ओर से अनुमोदित प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के विज्ञापनों की दरों की प्रतियां प्रतिनिधियों को उपलब्ध करवाई। बैठक के दौरान राजनीतिक प्रतिनिधियों को प्रत्याशियों की ओर से चुनावी खर्चे का विवरण प्रस्तुत करने संबंधी शपथ पत्र व रिपोर्ट का प्रारूप तथा चुनाव आयोग की ओर से उनके नवीनतम आदेशों की प्रति उपलब्ध करवाई। इस अवसर पर निर्वाचन तहसीलदार हरबंस धीमान, मानव अबरोल, खुशहाल बख्शी, रिझू राम और उमेश ठाकुर मौजूद रहे।

Related posts