40 गांवों में ब्लैक आउट, लाइनें धराशायी

रामनगर। तेज बारिश के साथ आई आंधी से पेड़ टूटकर विद्युत लाइनों में जा गिरे। जिससे करीब 40 गांवों में रात भर बिजली गुल रही। उधर, ग्राम सांवल्दे में उफनाए बरसाती नाले की चपेट में आकर एक विक्रम पलट गया। वाहन पलटता देख चालक ने कूदकर जान बचाई। शनिवार रात आंधी से जगह-जगह विद्युत तार क्षतिग्रस्त हुए हैं। ग्राम लछमपुर, तल्ला कानिया, चिल्किया में पेड़ टूटकर विद्युत लाइनों में गिर गए। जिसकी वजह से कानिया, गौजानी, सांवल्दे, करनपुर, हिम्मतपुर डोटियाल, चोरपानी, लछमपुर ठेरी, बासीटीला, सेमलखलिया, बैड़ाझाल, धनपुर समेत तीन दर्जन गांवों में अंधेरा छाया है। बिजली नहीं होने से रविवार को पेयजल आपूर्ति बाधित भी रही। ग्रामीण दीपा बंगारी ने बताया कि हर बार बारिश में यही हाल रहता है, मगर फिर भी विभाग पूर्व तैयारी नहीं करता। इधर, जेई कुलदीप बिष्ट ने बताया कि रविवार दोपहर बाद ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

Related posts