36 गांवों की महापंचायत खोलगी प्रशासन की पोल

उत्तरकाशी। भटवाड़ी क्षेत्र के 36 गांवों की महापंचायत 23 अगस्त को बैठक करराहत के नाम पर सरकारी दावों की पोल खोलेगी। पंचायत में आपदा प्रभावित गांवों में राहत के नाम पर सरकारी धन की बर्बादी करने के बजाय भटवाड़ी और आस-पास के कस्बाई बाजार में उचित दर पर राशन भिजवाने की मांग की जाएगी। इसके अलावा रोजमर्रा की जरूरत का सामान पहुंचाने तथा गंगोत्री हाईवे पर यातायात शुरू करने की मांग भी होगी। बैठक की सूचना डीएम को भेज दी गयी है।
महापंचायत के संयोजक राघवानंद शास्त्री ने बताया कि आपदा को दो माह से ज्यादा का समय बीत गया है, किंतु क्षेत्र के दर्जनों गांवों में सस्ते गल्ले का राशन नहीं पहुंचाया गया। भटवाड़ी में ही डीलरों पर दबाव डालकर उनसे प्राप्ति ली गयी है। अब तक सिर्फ 15 किलो चावल तथा 15 किलो राहत का मुफ्त राशन ही किसी तरह लोग भटवाड़ी से उठाकर ले गये है। भटवाड़ी बाजार की स्थिति यह है कि खच्चरों से सामान ढोकर लाने के कारण खाने का तेल दो सौ रुपये लीटर तथा चीनी 60 रुपये में मिल रही है। राशन कार्ड पर भी चीनी नहीं मिल रही। यही स्थिति उपला टकनौर के आठ गांवों की भी है। लोगों ने अब तक गंगोत्री मंदिर समिति वाली राशन की दुकान तथा आस-पास के ग्रामीण बाजारों से राशन चीनी आदि सामान खरीदा, लेकिन अब कही राशन नहीं है।
23 को भटवाड़ी में आयोजित पंचायत में हर ग्राम सभा से सरकारी मदद के नाम पर आये कारनामा का ब्योरा जुटा कर उसे सार्वजनिक किया जायेगा। इसी दिन आंदोलन की भावी रूपरेखा तैयार की जायेगी।

Related posts