
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला आईटी शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमर भारद्वाज व उपाध्यक्ष ठाकुर धनवीर सिंह ने कहा कि कंपनी के माध्यम से शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। सरकार को उनके लिए स्थायी व ठोस नीति बनानी चाहिए। शिक्षा विभाग के प्रस्ताव में इसकी सिफारिश से शिक्षकों की उम्मीदें बढ़ रही है। जिला अध्यक्ष पांवटा में आयोजित बैठक में बोल रहे थे। संगठन के महा सचिव ऋषि भारद्वाज ने कहा कि पंजाब की तर्ज पर नियमितीकरण की मांग लंबे समय से रही है। प्रदेश सरकार व विभाग संगठन की मांगों को गंभीरता से लें। कंपनी के माध्यम से सेवाओं का शिक्षक संघ विरोध करता रहा है। पिछली एक कंपनी का 31 मार्च तक अनुबंध था। पहले से कार्यरत शिक्षकों का कंपनी के पास ईडीएफ व धरोहर राशि प्रत्येक शिक्षक की करीब 35 हजार शेष जमा है। इसको 45 दिनों के भीतर देय किया जाता है, लेकिन कई बार विभाग के नोटिस देने के बावजूद अब तक इसका भुगतान नहीं हो पा रहा है। प्रदेश भर में करीब 1590 शिक्षक सरकारी स्कूलों में कार्यरत है। आईटी शिक्षकों में कंपनी की ओर से राशि न लौटाने से रोष व्याप्त है। शिक्षकों ने कंपनी से दिवाली पर्व से पहले राशि लौटाने की मांग की है। ऐसा नहीं करने पर कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिला इकाई ने सभी आईटी शिक्षकों से सीएम रिलीफ फंड राशि शीघ्र जमा करवाने का आह्वान किया है। इस मौके पर ऋषि शर्मा, तरुण कुमार, सीता देवी, रीता देवी, विशाल कुमार, प्रवेश कुमार, धनवीर सिंह, सुदेश, बबीता व किरण समेत कई अन्य सदस्य मौजूद थे।
