
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एसएफआई और एबीवीपी के 34 छात्र नेताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं। इसमें दोनों ही छात्र संगठनों के छात्र नेता शामिल है। इनके अलावा पूर्व एससीए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव से लेकर दोनों ही छात्र संगठनों के परिसर अध्यक्ष और कार्यकारिणी के पदाधिकारी शामिल है। छात्र नेताओं को आगामी दस दिनों में नोटिस का जवाब देना होगा। इस दौरान तक यदि छात्रों ने जवाब नहीं दिए तो सात दिनों का दूसरा नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद प्रशासन की ओर से आगामी प्रशासनिक कार्रवाई होगी। इसमें निष्कासन तक का फैसला लिया जा सकता है।
विवि में पिछले महीने एसएफआई और एबीवीपी के छात्रों के बीच हिंसा हुई। इस हिंसा में दो दर्जन से ज्यादा छात्र घायल हुए। इनके साथ ही इस मामले में नौ एफआईआर पुलिस में दर्ज हुई। इन सभी प्राथमिकी में नामजद छात्र नेताओं को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए हैं। इन छात्र नेताओं पर प्रशासन पहले ही निष्कासन तक की कार्रवाई की बात कर चुका है।
विवि के डीन आफ स्टडी सुरेश कुमार ने माना कि हिंसा के मामले में आरोपी बने छात्र नेताओं को नोटिस जारी कर दस दिन में जवाब मांगा है।
