32 लाख से संवरेगा चंबा शहर

चंबा। शहर की खस्ताहाल सड़कों और पार्कों की हालत में जल्द ही सुधार होने की उम्मीद है। इनकी मरम्मत के लिए बजट का प्रावधान हो गया है। जानकारी के मुताबिक नगर परिषद को बीआरजीएफ के तहत लगभग 32 लाख रुपये की राशि मंजूर हुई है। इसमें से लगभग 16 लाख रुपये नगर परिषद को मिल गए है। इस राशि से बरसात के मौसम में क्षतिग्रस्त हुई शहर की सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा क्षतिग्रस्त डंगों, नालियों की मरम्मत, ड्रेन कवर और पार्क की मरम्मत के लिए भी राशि स्वीकृत हुई है। इससे बदहाल नालियों की मरम्मत और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के अलावा कुछ पार्कों का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा । नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि नगर परिषद को विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 32 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। यह राशि बीआरजीएफ के तहत मंजूर हुई है। उन्होंने कहा कि अभी तक नगर परिषद को बीआरजीएफ की स्वीकृत राशि में से 50 प्रतिशत राशि जारी हो चुकी है। जल्द ही विकास कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बारिश के कारण जगह-जगह सड़कें और डंगे ढह गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इनकी मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा टूटी नालियाें की मरम्मत और रेलिंग की भी रिपेयर की जाएगी।

Related posts