
कर्णप्रयाग। आठ दिन बीत गए हैं, लेकिन नौली न्याय पंचायत के 32 गांवों में अंधेरा पसरा है। सोमवार को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित कर शीघ्र विद्युत बहाली नहीं होने पर निगम कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी है।
जनप्रतिनिधि हेमंत सेमवाल, राकेश रतूड़ी, धीरेंद्र भंडारी का कहना है कि 12 अगस्त से चूलाकोट, रतूड़ा, धारकोट, एरवाड़ी, घंडियाल, सिमतोली, नौली, थापली, बगोली सहित 17 ग्राम पंचायतों के 32 गांवों में बिजली गुल है। निगम अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी समस्या हल नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने दो दिन में विद्युत बहाली नहीं होने पर निगम कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है। इधर, एसडीएम ने ग्रामीणों को शीघ्र बिजली बहाली का आश्वासन दिया है।
मोबाइल चार्ज को भी लंबी दौड़
12 जुलाई से क्षेत्र के 17 ग्राम पंचायतों के 32 गांवों में अंधेरा पसरा है। ग्रामीणों के मोबाइल फोन बंद हो चुके हैं। स्थिति यह हैं कि कई ग्रामीण मोबाइल चार्ज करने के लिए भी 13 से 20 किमी दूर सिमली और कर्णप्रयाग पहुंच रहे हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र मिंगवाल कहते हैं कि विधायक के क्षेत्र भ्रमण के बाद भी गांवों में बिजली सप्लाई नहीं हो पा र ही है। ऐसे में विकास और जन सुविधाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है।
