31 को विजिलेंस में पेश नहीं होंगे अनुराग

शिमला/धर्मशाला। एचपीसीए मामले में पूछताछ की तिथि को लेकर अनुराग और विजिलेंस में विवाद गहरा गया है। अनुराग ठाकुर 24 अक्तूबर को उपलब्ध होने की बात कह रहे हैं तो विजिलेंस उन्हें 31 को पूछताछ के लिए बुलाना चाहती है। विजिलेंस को भेजी ई-मेल में अनुराग ने कहा है कि वह 31 अक्तूबर को पूछताछ के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। 24 के बाद वह पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रचार पर निकल रहे हैं। इसके बाद दिसंबर में उपलब्ध हो पाएंगे। विजिलेंस ने भी अनुराग ठाकुर को भेजी ई-मेल में कहा है कि 24 को जांच अफसर उपलब्ध नहीं होंगे। इसलिए वह 31 को पेश हों। विजिलेंस को लग रहा है कि अनुराग ठाकुर जन्मदिन वाले दिन पूछताछ के लिए हाजिर होने के साथ युवा मोर्चा के साथ शक्ति प्रदर्शन भी कर सकते हैं। इस दिन धर्मशाला में ही जन्मदिन का कार्यक्रम रखा है। एचपीसीए अध्यक्ष के साथ महासचिव विशाल मरवाह और कोषाध्यक्ष अत्तर सिंह नेगी को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। एचपीसीए के प्रवक्ता संजय शर्मा का कहना है कि अनुराग ठाकुर 24 तारीख को विजिलेंस थाने में पेश होंगे। वहीं, विजिलेंस के एसपी बिमल गुप्ता का कहना है कि 24 को जांच अधिकारी किसी दूसरे केस में व्यस्त हैं। इसलिए पूछताछ 31 को ही होगी।

—-
लालपानी क्रिकेट अकादमी पर नोटिस
विजिलेंस ने एचपीसीए को शिमला के लालपानी स्थित क्रिकेट अकादमी पर नया नोटिस दिया है। विजिलेंस ने कहा है कि उन्हें शिकायत मिली है कि क्रिकेट अकादमी के संचालन और खिलाड़ियों को एडमिशन में अनियमितताएं हुई हैं। एक सप्ताह के भीतर जिला क्रिकेट एसोसिएशन से जवाब मांगा गया है।

Related posts