31 और विस्थापितों को मिलेंगे प्लाट

बिलासपुर। भाखड़ा बांध निर्माण में विस्थापित होने के लगभग 50 साल बाद 31 और विस्थापितों का ‘लक्की नंबर’ लगने वाला है। कुल 264 में से 118 विस्थापितों को हाल ही में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 31 अक्तूबर को आयोजित आभार रैली के दौरान प्लाट आवंटित किए हैं। अब शेष रहे विस्थापितों को प्लाट आवंटित करने के लिए भी प्रशासन ने प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
इसके लिए बिजली बोर्ड के रेस्ट हाउस के समीप बिजली बोर्ड और कृषि विभाग की भूमि चिन्हित की गई है। प्रशासन के मुताबिक इन जगहों पर लगभग 31 प्लाट बनेंगे। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। मंजूरी मिलते ही यहां पर भी प्लाट तैयार कर शेष रहे विस्थापितों में से 31 लोगोें को आवंटन किया जाएगा। गौरतलब है कि भाखड़ा बांध निर्माण के दौरान बिलासपुर का पूरा पुराना शहर जलमग्न हुआ था। विस्थापित हुए लोगों में से कइयोें को प्लाट मिले तो कइयों को नहीं। लगभग 364 ऐसे लोगों की सूची भी प्रशासन ने तैयार की है। इनमें से 118 को निहाल सेक्टर में जगह चिन्हित कर प्लाट आवंटित किए गए। 31 अक्तूबर को स्थानीय कॉलेज के मैदान में आयोजित विशाल रैली के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्लाट आवंटन के सर्टिफिकेट दिए। सीएम ने बाकी बचे लोगों के लिए भी प्लाट चिन्हित कर आवंटन प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए थे। जिस पर प्रशासन ने दो जगह फाइनल की है। बिजली बोर्ड के रेस्ट हाउस के समीप बोर्ड और कृषि विभाग की भूमि है। जहां पर लगभग 31 प्लाट बनाए जाने हैं। उपायुक्त डा. अजय शर्मा ने कहा कि इसकी प्रक्रिया आरंभ कर दी है। जल्द ही मंजूरी मिलने की संभावना है। मंजूरी मिलते ही प्लाटों के आवंटन का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।

Related posts