300 रुपये कम हो सकती हैं पानी बिल दरें!

शिमला। नगर निगम परिधि से सौ मीटर बाहर रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत आ सकती है। इनके लिए पानी की मासिक दरें घटाई जाएंगी। करीब 2000 परिवारों को लाभ होगा। मासिक बिल की दरें करीब तीन सौ रुपये तक घटाने का प्रस्ताव जल एवं सीवरेज शाखा ने तैयार किया है। इस प्रस्ताव को निगम सदन में मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। महापौर, उपमहापौर सहित पार्षद अगर सहमत हुए तो शहर से सौ मीटर बाहर रहने वाले लोगों को भी जायज दरों पर पानी मिल सकेगा।
प्रदेश के नंबर वन अखबार ‘अमर उजाला’ में आठ और नौ मई को ‘दूध के दाम पर मिल रहा पीने का पानी’ और ‘पानी का बढ़ा बिल नहीं भरेंगे उपभोक्ता’ शीर्षक से प्रकाशित खबरों के बाद निगम प्रशासन हरकत में आया है। वर्तमान में निगम परिधि से सौ मीटर बाहर के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तीसरे दिन पानी की सप्लाई के 880 रुपये प्रति माह चुकाने पड़ रहे हैं। नगर निगम एरिया से सौ मीटर के दायरे में आने वाले इन उपभोक्ताओं से निगम पानी का मासिक बिल पांच गुना अधिक वसूल रहा है। शहर में मासिक बिल डेढ़ सौ रुपये है। सौ मीटर बाहर यही बिल 880 रुपये है। छह माह का एक साथ 5280 बिल आने पर उपभोक्ता गुस्से में थे। अक्तूबर 2012 में नगर निगम सदन ने स्टाफ की कमी का हवाला देेते हुए मीटर रीडिंग की बजाय मासिक बिल को फ्लैट करने का प्रस्ताव पारित किया। शहर के पच्चीस वार्डों में रहने वाले करीब बीस हजार घरेलू उपभोक्ताओं से डेढ़ सौ रुपये मासिक बिल वसूलने का प्रस्ताव पारित किया गया जबकि सौ मीटर बाहर मासिक बिल 880 रुपये कर दिया। अब अक्तूबर 2012 से मार्च 2013 तक के बिल एक साथ लोगों को भेजे गए हैं। शहर में जहां 1038 रुपये बिल भेजा गया है वहीं एमसी से बाहर 5280 रुपये के बिल भेजे गए हैं।

रेट घटाने का प्रस्ताव लाएंगे : आयुक्त
नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने कहा है सौ मीटर की परिधि में बसे लोगों की सुविधा को देखते हुए मासिक बिल घटाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। तीन सौ रुपये तक बिल घटाने की योजना बनाई गई है।

इन क्षेत्रों के लोगों को होगा लाभ
नगर निगम एरिया से सौ मीटर बाहर स्थित भट्ठाकुफर, लंबीधार, मल्याणा, लोअर समिट्री, मशोबरा, टुटू और खलीनी के कुछ क्षेत्रों सहित न्यू शिमला से सटे रक्षाणा के उपभोक्ताओं को इससे राहत मिलेगी।

Related posts