30 हजार उपभोक्ताओं को राहत, सस्ते राशन के कोटे में बढ़ोतरी

 शिमला
    फाइल फोटो
    फाइल फोटो
    राजधानी शिमला के एपीएल परिवारों को अगस्त माह में राशन का बढ़ा हुआ कोटा मिलेगा। अतिरिक्त कोटा मिलने से शिमला शहर के करीब 30 हजार राशनकार्ड धारकों को इसका सीधा लाभ होगा। इस माह लोगों को डिपो में 6 किलो चावल और साढ़े बारह किलो आटा दिया जाएगा।

    शहर में 55 के करीब राशन डिपो हैं।  रोजाना राशन लेने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी रहती है। जुलाई माह में उपभोक्ताओं को साढ़े पांच किलो चावल और 12 किलो आटा दिया गया था लेकिन अगस्त में आटा और चावल में आधा-आधा किलो की बढ़ोतरी कर दी है।

    बाजार में आटा तीस से 32 रुपये किलो और चावल 50 से 60 रुपये किलो मिलता है। डिपो में चावल दस रुपये किलो और आटा साढ़े आठ रुपये किलो की दर से मिलेगा। विभाग का कहना है कि चीनी का कोटा पहले की तरह उपभोक्ताओं को पांच सौ ग्राम प्रतिव्यक्ति की दर से मिलेगा।

    सरसों तेल के टेंडर न होने के कारण लोगों को सरसों के तेल के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। राशनकार्ड धारक उपभोक्ताओं को तेल 72 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध करवाया जाएगा। जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले श्रवण कुमार हिमालयन ने बताया कि इस बार चावल और आटे के कोटे में बढ़ोतरी हुई है।

    डिपो में बांटा जा रहा बैकलॉग
    मलका और मूंग के अलावा दाल चना के दो पैकेट इस बार डिपो में राशनकार्ड धारकों को दिए जा रहे हैं। विभाग का इसके पीछे तर्क है कि यह राशन उन लोगों को दिया जा रहा है जिन्हें कि पिछले माह नहीं मिला था। शहर के कुछ डिपो में यह दाल नहीं मिल रही है।

    Related posts