30 फीसदी बढ़ सकता है बस किराया

बिलासपुर। पेट्रोल और डीजल में हुई बढ़ोतरी के बाद किराया बढ़ाने पर अड़े निजी बस ऑपरेटरों को सरकार राहत प्रदान कर सकती है। निजी बस ऑपरेटरों को सरकार ने केबिनेट की अगली बैठक में किराया बढ़ोतरी पर चरचा की मांग की है। यहां तक कि 30 प्रतिशत किराया बढ़ाने का भी आश्वासन मिला है। परिणामस्वरूप सोमवार को रखी गई बस ऑपरेटरों की हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी है।
निजी बस ऑपरेटर डीजल के दाम में हुई बढ़ोतरी के बाद किराया बढ़ाने की मांग पर अडे़ थे। कुछ दिन पहले कई जिलों में बसों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रखी गई। 23 सितंबर को भी निजी बस ऑपरेटर हड़ताल का मन बना चुके थे। मीडिया को बयान जारी करते हुए निजी बस ऑपरेटर संघ ने बिलासपुर में आज बसें बंद रखने का ऐलान किया था। आश्वासन के बाद इसे स्थगित कर दिया गया। निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रधान रणवीर सेन ने बताया कि सरकार से इस बारे बात हुई है। किराया कम से कम पांच रुपये करने के साथ ही 30 से 35 प्रतिशत बढ़ोतरी का भी आश्वासन मिला है। फिलहाल हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी के बाद बस मालिकों पर आर्थिक संकट पड़ा है। किराये में बढ़ोतरी करना जरूरी हो गया है। उन्हें उम्मीद है कि केबिनेट की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद उनके हक में सरकार निर्णय देगी।

Related posts