3 जून से होगा पंचायतों का परिसीमन

रुद्रपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सितंबर माह में होने की सुगबुगाहट के बीच शासन ने क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों का फिर से परिसीमन कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। पंचायती राज निदेशक सीएस नपलच्याल ने जिलों को पत्र जारी कर क्षेत्र पंचायत/जिला पंचायत का परिसीमन 2001 की जनसंख्या के आधार पर कराने के निर्देश दिए हैं। परिसीमन उन्हीं क्षेत्रों में किया जाना है। जहां नई नगर पंचायत गठित होने या ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन के कारण क्षेत्र पंचायत/जिला पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र प्रभावित हुए हों। आपत्ति निस्तारण समिति में जिलाधिकारी को अध्यक्ष, जिला पंचायती राज अधिकारी को सदस्य एवं सचिव जबकि सीडीओ व जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को सदस्य मनोनीत किया गया है। डीपीआरओ आरसी त्रिपाठी ने पत्र मिलने की पुष्टि की है। बताया कि पुन: परिसीमन के लिए तीन जून से 10 जून तक प्रस्तावों की तैयारी, 11 को प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की सूची का प्रकाशन, 12 से 17 जून तक प्रस्तावों पर आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। 18 से 22 तक आपत्तियों का निस्तारण, 23 को सूची का अंतिम प्रकाशन और 24 को तैयार प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की सूचियों को निदेशालय को उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान में जिले में सात क्षेत्र पंचायत के 273 वार्ड व जिला पंचायत के 32 वार्ड हैं। जबकि पूर्व में हुए ग्राम पंचायतों के परिसीमन के कारण ग्राम पंचायतों की संख्या अब 309 से बढ़कर 336 हो चुकी है।

Related posts