
राजगढ़ (सिरमौर)। लोक निर्माण विभाग मंडल राजगढ़ के अधीन आने वाली सड़कों में 32 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए हैं। इन मौत के मोड़ों को विभाग करीब 28 लाख रुपये से सीधा करेगा। इसके लिए विभाग ने कार्य का टेंडर ठेकेदार को दे दिया है। यह जानकारी लोक निर्माण मंडल राजगढ़ के अधिशासी अभियंता पीसी धरोच ने दी। उन्होंने बताया कि विभाग ने स्वयं करीब 15 जबकि पुलिस ने 17 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए हैं।
यह सोलन-मिनस मार्ग, सनौरा-नेरीपुल मार्ग और बागथन-बनेठी- हाब्बन-चंदोल मार्गों चिन्हित किए हैं। इन स्थानों पर मेटल बिम लगाए जाएंगे। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। बताया कि इस कार्य पर लगभग 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और इसका टेंडर विभाग ने ठेकेदार को दे दिया है।
शीघ्र ही इसका कार्य शुरू हो जाएगा। कुछ स्थानों पर विभाग ने कटिंग करके सड़कों की चौड़ाई को बढ़ा दिया है। यदि पुलिस कोई अन्य स्थल चिन्हित करती है तो उसके लिए भी कार्य करवाने की योजना बनाई जाएगी। डीएसपी भूपेंद्र बरागटा ने बताया कि पुलिस ऐसे स्थानों को चिन्हित करेगा जहां दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। इस कार्य में स्थानीय लोगों का सहयोग भी लिया जाएगा।
