
पांवटा साहिब (सिरमौर)। दी सिरमौर निजी बस आपरेटर यूनियन ने 26 अगस्त को एक दिन की सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया है। क्षेत्र में करीब 36 घंटे तक निजी बसें नहीं चलेंगी। किराया बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनियन ने हड़ताल का ऐलान किया है। मंगलवार को बैठक के बाद यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
सिरमौर निजी बस आपरेटर संघ अध्यक्ष मामराज शर्मा, सचिव भजन चौधरी और अखिल शर्मा ने कहा कि बढ़ती तेल, कलपुर्जों की कीमतों और विभिन्न करों के चलते आपरेटर घाटे से उभर नहीं पा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों से कई बार तेल और कलपुर्जों के दाम बढ़े। लेकिन किराया नहीं बढ़ाया गया। यूनियन की मांग में डीजल के अनुपात में बस किराया 40 फीसदी बढ़ाया जाए। परिवहन नीति में संशोधन, बस किराये की समीक्षा हर छह माह बाद हो, निजी बस संचालकों के लिए संयुक्त समय सारिणी बनाई जाए, हरियाणा और पंजाब की तर्ज पर एसआरटी टैक्स वसूला जाए, नए रूट परमिट पर रोक लगे, पुराने रूटों का नवीनीकरण हो, टैक्स जमा करवाने की तिथि माह के अंत में तय हो आदि मांगें शामिल हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि बिना पासिंग के खड़ी बसों के कार्यकाल के सभी प्रकार के कर निरस्त किए जाए तथा पुन: रुट परमिट नवीन किए जाए। इस मौके पर मामराज शर्मा, भजन सिंह, अतर सिंह पुंडीर, चंद्रमोहन शर्मा, राजेश कुमार, रणवीर सिंह, अखिल शर्मा, कमलजीत सिंह, अर्जुन नागरा, जगदेव सिंह, राजेश्वर शर्मा, रामेश्वर शर्मा, रमेश कुमार आदि मौजूद थे।
