
रामपुर बुशहर। माता भीमाकाली निजी बस यूनियन की बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 अगस्त को बस ऑपरेटर एक दिन की हड़ताल करेंगे। यह हड़ताल 24 घंटे की होगी। अगर इसके बाद भी सरकार ने बस किराया नहीं बढ़ाया तो यूनियन आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन करेगी। यूनियन का कहना था कि हर माह तेल के दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन बस किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। बैठक यूनियन के अध्यक्ष खेल चंद नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई है।
वहीं, बैठक में चर्चा की गई कि आए दिन तेल और कलपुर्जों के दाम बढ़ रहे हैं। इसके चलते सरकार को चाहिए की 40 फीसदी बस किराया बढ़ाया जाए। यात्री बसों के संचालन की समयसारणी तय की जाए। सभी बस अड्डों पर एचआरटीसी की तर्ज पर निजी बस ऑपरेटरों के लिए भी बुकिंग काउंटर बनाए जाएं। गाड़ियों का टैक्स जमा करने लिए सिंगल विंडो का प्रावधान किया जाए। एचआरटीसी में ऑफ-डे को बढ़ाया जाए। यात्री और टोकन टैक्स को समायोजित किया जाए। टैक्स जमा करने की तिथि 15 के बदले माह का अंतिम दिन तय किया जाने सहित अन्य मांगों को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि मांगों को लेकर 26 अगस्त को निजी बस ऑपरेटर हड़ताल पर रहेंगे। अगर इसके बाद भी सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो आंदोलन और तेज कर दिया जाएगा।
