25 हजार की रिश्वत लेता जल संस्थान का एसई गिरफ्तार

हल्द्वानी। जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता (एसई) को विजिलेंस टीम ने 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उसने एक कांट्रेक्टर से लेबर सप्लाई का टेंडर दिलवाने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की थी। शेष रकम टेंडर मिलने के बाद दी जानी थी। एसई को भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर हवालात में डाल दिया है।
एसपी विजिलेंस अशोक भट्ट के अनुसार पटुवाडांगर नैनीताल निवासी लेबर कांट्रेक्टर गिरीश जोशी ने एक अगस्त को शिकायत की कि जल संस्थान हल्द्वानी के अधीक्षण अभियंता जेआर गुप्ता निवासी जौनपुर उसे नैनीताल में लेबर सप्लाई का टेंडर दिलवाने के लिए 50 हजार की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के बाद विजिलेंस ने मामले की गोपनीय जांच की। मामला सही पाए जाने पर एसई गुप्ता को गिरफ्तार करने के लिए शासन से अनुमति लेकर जाल बिछाया गया। विजिलेंस के बताए अनुसार जोशी ने गुप्ता से सौदा पक्का कर लिया। 25 हजार एडवांस देने की बात हुई। बाकी के 25 हजार काम होने के बाद दिए जाने थे। विजिलेंस टीम के दिए गए विशेष नोट लेकर जोशी बुधवार सुबह तिकोनिया स्थित जल संस्थान के सरकारी क्वाटर में गुप्ता से मिलने गए। वहां उन्हाेंने गुप्ता को 25 हजार रुपये दिए। रुपये लेते ही विजिलेंस टीम ने गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया, जहां से उसे विजिलेंस दफ्तर ले जाया गया। मेडिकल कराकर गुप्ता को हवालात में भेज दिया है। ट्रेप टीम में टीआर वर्मा, ओपी शर्मा, कांस्टेबल इसरार और इमरान शामिल थे। टीम को डायरेक्टर विजिलेंस एसके भगत की तरफ से 15 हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की गई है।

Related posts