
कोटली (मंडी)। पिछले पांच साल से कोटली में निर्माणाधीन बस स्टैंड का काम अधर में लटका हुआ है। वर्ष 2007-08 में बस स्टैंड का काम शुरू किया गया था, लेकिन अभी तक वन विभाग से क्लीयरेंस नहीं मिल पाई है। बस स्टैंड के लिए खुदाई कार्य पर 25 लाख की राशि खर्च भी हो चुकी है। जिला प्रशासन ने भी विभाग को निर्माण कार्य शुरू करने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करने के आदेश दिए हैं।
सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोटली क्षेत्र के ओटू के पास पांच साल पहले बस स्टैंड का काम शुरू किया गया था। नाले की खुदाई के लिए लोक निर्माण विभाग ने 25 लाख खर्च कर दिए। इसके बाद से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। उधर, कोटली कस्बा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राजमंत्री अनिल शर्मा का पैतृक गांव है। लिहाजा मंत्री बनने के बाद उनके गृह क्षेत्र में रुके विकास कार्यों को गति मिलने की लोगों को उम्मीद है। इधर, जिला उपायुक्त देवेश कुमार ने भी बस अड्डे का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। तुंगल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने बस स्टैंड का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की है। निर्माण स्थल पर खुदाई से एनएच-70 पर गड्ढे पड़े हैं। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता बृज लाल ठाकुर का कहना है कि परिवहन निगम की ओर से औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्माण कार्य के टेंडर किए जाएंगे।
