
रामपुर बुशहर। किसान सभा ने क्षेत्र की मांगों को लेकर वीरवार को एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग की गई। किसान सभा ने दूध के दाम 25 रुपये प्रति लीटर करने की मांग की है।
किसान सभा का आरोप है कि चाहे भाजपा हो या कांग्रेस कोई भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। आलम यह है कि क्षेत्र की दर्जनों सड़कें अभी भी पक्की नहीं हो पाई हैं। सरकारी विभागों में कई पद खाली चल रहे हैं। बिजली परियोजनाएं प्रभावितों को उनका हक नहीं दे रही हैं। दूध उत्पादकों को दूध का उचित दाम नहीं मिल रहा है। इस कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान सभा ने मांग की है कि लोगों की समस्याओं को जल्द दूर किया जाए। इस मौके पर प्रधान हितेष हष्टा, सचिव तुला राम ठाकुर, देवकी नंद, कुलदीप डोगरा, फकरी ठाकुर, राजेंद्र, कपिल और प्रकाश भलूनी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
बाक्स…
ये मांगें भी उठाई
क्षेत्र की 13 सड़कों को जल्द पक्का किया जाए
सरकारी विभागों में रिक्त पद जल्द भरे जाएं
बिजली परियोजनाओं में प्रभावितों को रोजगार मिले
लाडा के तहत मिलने वाली राशि प्रभावित क्षेत्रों में खर्च हो
नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजना की कुल आय का एक प्रतिशत प्रभावित क्षेत्र में खर्च हो
