245 कामगारों को बांटे चेक

पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार बोर्ड तथा इंटक प्रदेशाध्यक्ष बावा हरदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार कामगारों के हितों में कार्य कर रही है। कामगारों की समस्याओं व दिक्कतों को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास हो रहे हैं। इसी वर्ष प्रदेश में कामगारों के लिए शुरू हुई योजनाओं के तहत डेढ़ करोड़ की राशि वितरित हो चुकी है। इंटक प्रदेशाध्यक्ष मंगलवार को पांवटा में आयोजित जिला स्तरीय भवन निर्माण वर्कर्स यूनियन (इंटक) के अधिवेशन में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बावा हरदीप सिंह ने जिले में पांवटा क्षेत्र के 245 कामगारों को 578800 राशि के चेक वितरित किए। इनमें गिरिपार के एक कामगार की मौत पर 1.05 लाख राशि की सहायता राशि चेक के रूप में पीड़ित परिवार को प्रदान की गई। इंटक जिलाध्याक्ष शुभाष शर्मा ने भवन निर्माण बीमा कामगार मजदूरों की मांगों के बारे में मांगपत्र सौंपा, जिसमें बच्चों की शिक्षा व डिप्लोमा छात्रवृत्ति राशि बढ़ाने की मांग रखी गई। इंटक प्रदेशाध्यक्ष बावा हरदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश में कामगार कल्याण बोर्ड का गठन दो मार्च, 2009 में हुआ। दो जनवरी, 2013 से इस बोर्ड के अध्यक्ष बनने के बाद से अब तक डेढ़ करोड़ से अधिक की सहायता राशि कामगारों को विभिन्न सुविधाओं व योजनाओं पर वितरित कर चुके है। बोर्ड के पास करीब 183 करोड़ों बजट राशि है। जिलाध्यक्ष ने इंटक प्रदेशाध्यक्ष समेत सभी मेहमानों का आभार जताया। इस मौके पर जिला श्रम अधिकारी जितेंद्र बिंद्रा, श्रम निरीक्षक कमल सिंह, सीटू जिलाध्यक्ष दयाकिशन, इंटक जिलाध्यक्ष सुभाष शर्मा, महासचिव तोता राम ठाकुर, जिला भवन निर्माण इकाई के अध्यक्ष नितिन शर्मा, राये चंद, अश्वनी शर्मा, नितिन शर्मा, इंद्रजीत भाटिया, प्रेम सिंह व दया राम आदि मौजूद थे।

Related posts