24 रूटों पर नहीं गईं सरकारी बसें

नालागढ़ (सोलन)। प्री मानसून की बारिश से क्षेत्र में जनजीवन अस्त व्यस्त होकर रह गया। शुक्रवार मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे से शुरू हुई बारिश की झड़ी शनिवार शाम तक लगातार लगी, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते परिवहन निगम नालागढ़ के दो दर्जन ट्रिप फेल हो गए, वहीं जहां तक पक्के मार्ग थे, वहीं तक निगम की बसों की सेवाएं लोगों को मुहैया हो सकीं।

यह ट्रिप हुए फेल
परिवहन निगम नालागढ़ के बारिश से फेल हुए ट्रिपों में नालागढ़-भरतगढ़ वाया स्वारघाट, नालागढ़-तालड़ साई, नालागढ़-चमदार, नालागढ़-घरेड़, नालागढ़-अल्यौण आदि शामिल हैं, यहां दिन में और शाम के समय बस सेवाएं प्रभावित रहीं। वहीं नालागढ़-क्वारनी बस सेवा मित्तियां तक और नालागढ़-मलैहणी बस सेवा मियांपुर तक ही चल सकी।

किसानों के चेहरे खिले
क्षेत्र के किसान योगेश शर्मा, नराता राम, प्रेम चौधरी, सुच्चा सिंह, हरभजन सिंह, तारा सिंह, रणदीप ठाकुर, पूर्व प्रधान अवतार सिंह, श्याम नेगी, नराता राम ठाकुर, टेंक चंद चंदेल, जयप्रकाश, बालकृष्ण, तारा चंद, मोहन सिंह, वीर सिंह, श्याम सिंह, परमजीत सिंह, हाकम सिंह, नरदीप, विजय कुमार, अजीत सिंह और रामकुमार आदि के अनुसार बारिश खेती के लिए काफी बेहतर है। प्री मानसून की बारिश ने खेतों को पूरी तरह से नमी दी है। धान की बिजाई हो चुकी है और मक्की व अन्य फसलों सहित सब्जियों की बिजाई के लिए बारिश लाभदायक है।

वाया दभोटा भेजी गईं बसें
परिवहन निगम नालागढ़ के वर्कस मैनेजर जोगिंद्र चौधरी ने कहा कि निगम की बसें वाया दभोटा होकर चलाई गई हैं और जहां कच्चे मार्ग हैं, वहां की बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। पक्के मार्गों तक बस सेवाएं नियमित रूप से चल रही हैं।

सफाई व्यवस्था की बारिश ने खोली पोल
नालागढ़ (सोलन)। क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी ही पानी आ गया, जिससे परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खुलकर सामने आ गई। बंद पड़ी नालियों की वजह से बरसाती पानी सड़कों पर आ गया, जिसमें सारी गंदगी सड़कों पर बह आई। नप अध्यक्ष अल्का वर्मा ने कहा कि कई वार्डों में सफाई का कार्य आरंभ कर दिया गया है और बारिश थमने के बाद सभी वार्डों की नालियों, गलियों की साफ सफाई की जाएगी।

19 तक बारिश की संभावना
नौणी विवि के पर्यावरण विभाग अध्यक्ष डा. एसके भारद्वाज ने कहा कि प्री मानसून की बारिश का यह क्रम 19 जून तक ऐसा ही चलता रहेगा और बारिश किसानों के लिए लाभदायक है।

Related posts