24 घंटों में 5 फुट बढ़ा पौंग का जलस्तर

नूरपुर (कांगड़ा)। प्रदेश में भारी बरसात के चलते पौंग बांध के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले पांच दिनों में पौंग जलाशय में दो लाख 8 हजार 312 क्यूसिक पानी की आमद के साथ पौंग बांध का जलस्तर 1335.47 फुट तक पहुंच गया है। जो पिछले साल के मुकाबले 43.85 फुट ज्यादा है। बीते साल इसी दिन पौंग बांध का जलस्तर 1291.62 फुट दर्ज किया गया था। जबकि बीते पांच दिन में भारी बारिश के चलते बांध के जलस्तर में करीब 8 फुट की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पौंग बांध से बीते चार दिनों में लगभग 31 हजार क्यूसिक पानी छोड़कर 131.75 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया है। आने वाले दिनों में मौसम का ऐसा ही मिजाज रहा तो इस बरसात सीजन में पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान को छू सकता है। वजह यह है कि पौंग के जलस्तर में एक ही दिन में 4.61 फुट की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 7 जुलाई को बांध में 1330.86 फुट रिकार्ड किया गया था, जोकि अगले दिन 8 जुलाई को 1335.47 फुट पहुंच गया। पौंग बांध की भंडारण क्षमता 1390 फुट है, लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों में 426.72 मीटर (1400 फुट) तक पानी स्टोर किया जा सकता है। जबकि बीते दस सालों में सिर्फ तीन बार ही वर्ष 2005, 2006 व 2011 में पौंग का जलस्तर 1390 फुट का आंकड़ा पार कर पाया है। बीबीएमबी के अधिकारियों समेत जिला प्रशासन प्रदेश में भारी बारिश से पौंग के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी पर पैनी नजर रखे हुए है।
तारीख इन फ्लो आउट फ्लो जलस्तर बिजली उत्पादन
04 जुलाई 12599 8507 1327.48 33.25
05 जुलाई 17311 8012 1327.98 32.29
06 जुलाई 19218 7502 1328.61 28.56
07 जुलाई 51184 7010 1330.86 37.65
08 जुलाई 108000 10100 1335.47 –

Related posts