23 बसों से 675 आपदा पीड़ित घरों को रवाना

हल्द्वानी/रामनगर। जोशीमठ और कर्णप्रयाग से आपदा प्रभावित तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों के आने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। हल्द्वानी एवं रामनगर पहुंचे 675 पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों को रोडवेज बसों से उनके घरों तक छुड़वाया गया। आपदा प्रभावित इलाकों से सकुशल लौटकर पहुंचे लोगों ने आपबीती सुनाई और सेना के प्रयासों की सराहाना की। रामनगर में गुरुद्वारे में आपदा प्रभावितों को भोजन कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया। परिवहन विभाग के ग्रेट वालिया ने बताया कि बुधवार को 13 बसों में 450 यात्रियों को लेकर रामनगर पहुंची थी। यात्रियों के भोजन और परिवहन की व्यवस्था के लिए दिनभर एसडीएम एसएस जंगपांगी, सीओ प्रमोद कुमार, तहसीलदार विजयनाथ शुक्ल, नायब तहसीलदार केजी पंत, एसआई एनएस रामोला, प्रताप नेगी, ललित मठपाल, पटवारी आरिफ हुसैन, मनोज रावत, हरीश यादव आदि जुटे रहे।
कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग से भी बुधवार को हल्द्वानी में 225 पर्यटक एवं तीर्थयात्री पहुंचे। आपदा पीड़ितों को गुरुद्वारे में भोजन कराया गया और चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल, एसडीएम हरवीर सिंह, तहसीलदार एपी बाजपेयी और रोडवेज के एसएस बिष्ट ने 225 यात्रियों को रोडवेज की 10 बसों से उनके घराें तक छुड़वाया। इनमें कई रोडवेज बसें उत्तरप्रदेश परिवहन निगम की शामिल थी। अधिकांश लोग दिल्ली, बरेली, हरिद्वार, मध्यप्रदेश, जम्मू के शामिल थे।

राहत कैंप का निरीक्षण करने पहुंच रामपुर के डीएम
हल्द्वानी। रामपुर के जिलाधिकारी एनके चौहान ने बुधवार को हल्द्वानी स्थित आपदा प्रभावित लोगों के लिए लगाए गए राहत कैंप गुरुद्वारा का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कैंप पहुंचने वाले आपदा प्रभावितों से बातचीत की और हरसंभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी एनके चौहान ने कहा कि गुरुवार को रामपुर से गढ़वाल के आपदा पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी जाएगी। राहत सामग्री वाया हल्द्वानी होते हुए गढ़वाल तक पहुंचाई जाएगी।

Related posts