
परवाणू (सोलन)। थाना परवाणू में एक केंद्रीय सरकारी अधिकारी के विरुद्ध 226 रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला कसौली की अदालत के आदेशों पर दर्ज हुआ है।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश डाकतार विभाग में कार्यरत उपमंडलीय निरीक्षक ने वर्ष 2009 में परवाणू के डाकघर परिसर में उपमंडल के सभी डाकियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। लगभग चार वर्ष की अवधि के बाद गत सप्ताह उपमंडल में तैनात एक डाकिए ने कसौली की अदालत में एक आवेदन पत्र के माध्यम से आरोप लगाया कि उपमंडलीय निरीक्षक ने वर्ष 2009 में एक ऐसे डाकिए के नाम पर टीएडीए बिल बनाकर 226 रुपये की राशि हड़प ली है जिसे धर्मपुर से शिविर में आना था, मगर वह शिविर में आया ही नहीं। धोखाधड़ी के मामले को गंभीरता से लेते हुए अदालत ने परवाणू थाना को मामला दर्ज करने व छाबनीन के आदेश जारी किए हैं। परवाणू थाना प्रभारी रघुवीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अदालत के आदेशों पर मामला दर्ज किया गया है। छानबीन जारी है जल्द ही पुलिस अदालत में अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।
