
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के लोगों के लिए शनिवार को हेलिकॉप्टर ने पांच उड़ानें भरी हैं। पवन हंस हेलिकॉप्टर ने 225 लोगों को रोहतांग दर्रा के आरपार किया है। प्रस्तावित चार उड़ानों के बजाय पायलट ने पांच उड़ानें की हैं। इनमें पहली उड़ान भुंतर-सिस्सू-भुंतर, दूसरी भुंतर-बारिंग-भुंतर, तीसरी उड़ान भुंतर-तांदी (डाइट) भुंतर, चौथी भुंतर-स्तींगरी-भुंतर के बीच हुई। जबकि, अतिरिक्त पांचवीं उड़ान सिस्सू हेलीपैड में फंसे स्कूली बच्चों को देखकर की गई। उड़ान के लिए बाकायदा जीएडी से अनुमति ली गई। इन उड़ानों से 225 लोग रोहतांग दर्रे के इधर-उधर हुए हैं। कुल्लू में तैनात उड़ान समिति के सह प्रभारी शेर लाल ने बताया कि शनिवार को लाहौल के चार हेलीपैड के लिए उड़ानें प्रस्तावित थीं, लेकिन सिस्सू में फंसे स्कूली बच्चों को लिफ्ट करवाने के लिए उन्हाेंने सिस्सू के लिए अतिरिक्त उड़ान किए जाने को लेकर जीएडी से अनुमति मांगी थी। इसके लिए हेलिकॉप्टर के पायलटों ने भी उड़ान समिति और यात्रियों का साथ दिया है। सिस्सू पंचायत के पूर्व प्रधान जगदीश कटोच ने सिस्सू हेलीपैड के लिए हुई दो उड़ानों को लेकर जीएडी तथा हेलिकॉप्टर पायलटों सहित उड़ान समिति का आभार जताया है
