22 करोड़ से सुधरेगी कस्थल-पोबारी सड़क

रामपुर बुशहर। किन्नौर जिला के कस्थल से लेकर पोवारी तक सड़क की हालत सुधरने की उम्मीद जगी है। एनएच ने सड़क को संवारने की कवायद शुरू कर दी है। एनएच खस्ताहाल सड़क की मरम्मत पर 22 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए भूतल परिवहन मंत्रालय भारत सरकार की ओर से मंजूरी भी मिल गई है। वहीं, एनएच इसका कार्य जल्द शुरू कर देगा। इसकी पुष्टि एनएच के एक्सईएन पासंग नेगी ने की है।
किन्नौर के क स्थल से लेकर पोवारी तक सड़क में जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। वहीं, कई स्थानों पर सड़क धंस जाने से पैरापिट भी गिर गए हैं। इस कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं, जबकि सेब सीजन के समय बागवानों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों की समस्या को देखते हुए एनएच ने एक प्रपोजल तैयार कर भूतल परिवहन मंत्रालय भारत सरकार को भेजा था। जहां से 22 करोड़ रुपये की राशि उक्त कार्य के लिए मंजूर कर ली गई है। इसके लिए रामपुर एनएच विभाग ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सड़क की खस्ता हालत के चलते यहां के लोगों और दूसरे राज्यों तथा विदेशों से आने वाले सैलानियों को भी भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। सड़क की टारिंग और मैटलिंग होने से किन्नौर जिला के लोगों के साथ देश विदेश के सैलानियों को भी राहत मिलेगी।
क्या कहना है विभाग का
इस बारे में एनएच के एक्सईएन पासंग नेगी ने बताया कि किन्नौर जिला के कस्थल से लेेकर पोवारी तक एनएच के सुधार के लिए टायरिंग और मैटलिंग कार्य करने के लिए मंत्रालय की ओर से 22 करोड़ की राशि मंजूर की गई है। सड़क की हालात में सुधार के लिए टेंडर प्रक्रि या शुरू कर दी गई है।

Related posts