22 करोड़ की योजनाओं के शिलान्यास-उद्घाटन

ददाहू (सिरमौर)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को श्री रेणुकाजी मेले का विधिवत शुभारंभ करने के साथ क्षेत्र में 22 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले साढ़े तीन करोड़ की लागत से बायरी में बनने वाली शिरगुलधार पेयजल योजना का शिलान्यास किया। उसके बाद उन्होंने 3 करोड़ की लागत से निर्मित रेणुका विकास बोर्ड के कार्यालय का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने ददाहू अस्पताल में 7 करोड़ की लागत से बनने वाले आवासीय भवन की आधारशिला भी रखी। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने धारटीधार के मेहत गांव में साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनने वाली पेयजल योजना की आधारशिला रखी।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ की लागत से निर्मित खालाक्यार- बांदल सुराख सड़क जनता को समर्पित की। सीएम ने दोपहर 2 बजे ददाहू स्कूल के मैदान से देव पालकियों को कांधा देकर रवाना किया। दोपहर बाद 3 बजे से मुख्यमंत्री ने जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं और उसके बाद विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। अंत में मुख्यमंत्री ने रेणुका मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का भी विधिवत उद्घाटन किया।
इस मौके पर आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, ऊर्जा एवं कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया, योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष जीआर मुसाफिर एवं सीपीएस विनय कुमार सहित कई नेता गण उपस्थित थे।

Related posts