2013 का धन्यवाद और 2014 की तैयारी

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के चार दिवसीय दौरे को 2014 के लोकसभा चुनावों की तैयारी माना जा रहा है। लोकसभा उपचुनाव के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सांसद प्रतिभा सिंह का यह जनजातीय क्षेत्रों का पहला दौरा है। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एक तीर से कई निशाने साधे हैं। एक तरफ जहां सीएम उपचुनाव में मिली बढ़त के लिए जनता का धन्यवाद कर रहे हैं, वहीं 2014 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को भारी बढ़त दिलाने की अपील कर रहे हैं। दूसरी ओर सांसद प्रतिभा सिंह भी लोगों का धन्यवाद कर रही हैं और कह रही हैं कि यदि पार्टी का आदेश हुआ तो वे 2014 का भी चुनाव लड़ेंगी। अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान वीरभद्र सिंह और सांसद प्रतिभा सिंह जनजातीय क्षेत्रों में नौ सभाएं करेंगे। देवी-देवताओं में गहरी आस्था रखने वाले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जब लोकसभा उपचुनाव से पहले उदयपुर आए थे तो उन्होंने मृकुला देवी मंदिर में करीब आधा घंटा विशेष पूजा की थी। 27 सितंबर को भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रतिभा सिंह ने मृकुला देवी मंदिर में शीश नवाया। इस दौरान वीरभद्र सिंह और प्रतिभा सिंह ने लोकसभा उपचुनाव की जीत पर करीब पांच मिनट पूजा-अर्चना की और लोस चुनाव 2014 की जीत के लिए आशीर्वाद मांगा। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रतिभा सिंह का जनजातीय क्षेत्रों का दौरा 2014 के लोकसभा चुनावों की तैयारी है। सर्दियाें के दिनों में अधिकतर जनजातीय क्षेत्राें का संपर्क कट जाएगा। इसलिए लोकसभा चुनाव में जनजातीय क्षेत्रों में प्रचार के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाएगा। इसलिए इस दौरे को लोकसभा के आम चुनावों की तैयारी माना जा रहा है। स्थानीय निवासी प्यारे लाल, ध्यान सिंह ठाकुर, तोग चंद और जय राम ने बताया कि वीरभद्र सिंह की माता मृकुला देवी के प्रति गहरी आस्था है। जब भी वे उदयपुर आते हैं तो देवी के दर्शन जरूर करते हैं। माता के पुजारी दुर्गादास ने बताया कि लोकसभा उपचुनाव से पहले जब वीरभद्र सिंह का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था तो उन्होंने यहां पर विशेष पूजा-अर्चना की थी।

Related posts