
शाहपुर (कांगड़ा)। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर में इस माह एक नहीं बल्कि 5 कंपनियां कैंपस इंटरव्यू का आयोजन कर प्रदेश के दो सौ से ज्यादा युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगी। इस कैंपस इंटरव्यू में विभिन्न आईटीआई में अंतिम वर्ष के प्रशिक्षुओं से लेकर आईटीआई डिप्लोमा होल्डर युवा अपना भाग्य आजमा सकते हैं। आईटीआई शाहपुर के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी बाबू राम ने बताया कि 9 मई को भिबाड़ी (अलवर ) राजस्थान की फेडरल मोगल ऑटोमोटिव प्रोडक्ट (इंडिया) लिमिटेड ट्रेनी के 20 और बद्दी के भटोली कलां स्थित जॉनसन एंड जॉनसन संस्थान में अप्रेंटशिप एक्ट के तहत एक वर्षीय अप्रेंटशिप करवाने के लिए कैंपस इंटरव्यू लेगी। इसमें इलेक्ट्रीशियन, फिटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंस्ट्रूमेंटेशन व्यवसाय के अंतिम वर्ष के प्रशिक्षु भाग ले सकते हैं। 13 मई को हल्ला विस्टिन क्लाइमेट सिस्टम इंडिया लिमिटेड भिबाड़ी कैंपस इंटरव्यू के जरिये 18 से 25 वर्ष के वेल्डर, फि टर, मशीनिस्ट, एमएमबी, इलेक्ट्रीशियन, टूल एंड डाइमेकिंग और इलेक्ट्रोनिक्स को रोजगार का मौका देगी। पीएंडजी लिमिटेड 18 से 22 वर्ष के इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रोनिक्स, टर्नर, फिटर, एमएमवी, मशीनिस्ट, आरएंडएसी आईटीएंडईएसएस वेल्डर, बायलर व्यवसायों के अंतिम वर्ष के युवाओं का 14 मई को कैंपस इंटरव्यू लेगी। जबकि, पांचवीं कंपनी विप्रो लिमिटेड (लाइंटिंग डिविजन) फिटर, इलेक्ट्रोनिक्स व्यवसायों के 18 से 24 वर्ष के युवाओं के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन करेगी।
