
शिमला। एचपीएसईबी लिमिटेड कंपनी ने अपने 20 हजार कर्मचारियों को आठ फीसदी डीए की किश्त जारी कर दी है। बिजली कंपनी की बीओडी की बैठक में शनिवार को इस पर मुहर लगा दी गई। कर्मचारियों को अक्तूबर महीने में वेतन के साथ आठ फीसदी डीए मिलेगा। एरियर की राशि जीपीएफ में डाल दी जाएगी। कंपनी प्रबंधन ने दस हजार से ज्यादा पेंशनरों को भी डीए की किश्त जारी कर दी है। इससे कंपनी पर सालना 41 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। कर्मचारियों के डीए पर 30 करोड़ और पेंशनरों के डीए के भुगतान के लिए 11 करोड़ वहन करने पड़ेंगे। बैठक में इसके साथ ही कर्मचारियों की पदोन्नति से लेकर अन्य मसलों पर भी चरचा की गई। इस दौरान कंपनी के तहत चल रहे प्रोजेक्टों और ट्रांसफार्मरों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कंपनी के प्रबंध निदेशक को वित्तीय और अन्य शक्तियों के लिए अधिकृत किया।
ट्रांसमिशन नुकसान को कम करने का लक्ष्य भी अधिकारियों को निर्धारित किया। गांव में बिजली के आधारभूत ढांचे को मजबूर बनाने के लिए चल रही केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा भी की गई। इन योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को जारी किए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रधान सचिव ऊर्जा एसकेबीएस नेगी ने की। बैठक में कंपनी के प्रबंध निदेशक, निदेशक और वित्त विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। कंपनी के निदेशक वित्त अक्षय सूद ने माना कि कंपनी के कर्मचारियों को डीए की किश्त जारी कर दी है। अक्तूबर महीने के वेतन में कर्मचारियों को यह जारी कर दिया जाएगा।
