
पुखरी (चंबा)। ग्राम पंचायत झुलाड़ा और कुठेड़ को जोड़ने वाली माणी से खवाली सड़क की हालत खस्ता हो गई है। जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। इससे वाहन चालकों और आने जाने वालों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।मार्ग को बने 20 साल हो चुके हैं। इसके बावजूद आज तक सड़क कोे पक्का नहीं किया गया। इससे तीन दर्जन गांवों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पूर्व प्रधान धनी राम, कैलाश चंद, पूर्व बीडीसी चेयरमैन अमर सिंह ठाकुर, तेज सिंह, पूर्ण चंद, सुरेश कुमार, महिंद्र, जोगिंद्र पाल, सुरजीत, सुभाष कुमार, हेमराज, जोगिंद्र और नेक चंद ने बताया कि सड़क को पक्का करने के लिए कई बार संबंधित विभाग से मांग की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि माणी-खवाली सड़क को शीघ्र पक्का किया जाए। इससे क्षेत्र की तीन हजार के करीब आबादी लाभान्वित होगी। वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता इंद्र राज शर्मा ने बताया कि इस साल इस सड़क को पक्का करने का प्रस्ताव डाला गया है। जैसे ही बजट मिलेगा, सड़क को पक्का कर दिया जाएगा।
