20 दिन से माणी-त्रिया मार्ग बंद

पुखरी (चंबा)। माणी-त्रिया मार्ग पर बीते 20 दिन से बड़े वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग 21 दिसंबर से बंद पड़ा हुआ है और बड़े वाहन माणी नामक स्थान से ही वापस लौट रहे हैं। इससे कुठेड व झुलाड़ा पंचायतों के लोगों को बस पकड़ने के लिए पांच से सात किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि त्रिया से आगे खवाली मार्ग का उद्घाटन दिसंबर माह में किया गया था और विभाग ने मार्ग की मरम्मत के लिए इस पर मिट्टी बिछाई थी। लोगों ने मिट्टी के स्थान पर बजरी डालने की मांग की थी। इसके बावजूद मार्ग पर मिट्टी बिछाई गई। इससे इन दिनों बारिश के चलते मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय गोविंद ठाकुर, रविंद्र, त्रिलोक, कैलाश चंद ठाकुर, परस राम शर्मा, वार्ड पंच कर्म चंद, प्रेमो देवी, राज कुमार, ओमप्रकाश, चतरो राम व विजय कुमार ने बताया कि मार्ग बंद होने से लोगों को बीमार को अस्पताल तक ले जाने में काफी दिक्कतें आती हैं। माणी तक पैदल पहुंचते-पहुंचते बस छूट जाती है और लोगों को जिला मुख्यालय जाने के लिए टैक्सियां करनी पड़ती हैं और महंगे दाम अदा करने पड़ते हैं। लोगों ने बताया कि माणी से त्रिया तक मार्ग पर काफी कीचड़ है और वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। लोगों ने बताया कि वे कई बार मार्ग को पक्का करने की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद भी मार्ग पर तारकोल नहीं बिछाई गई है। इससे जरा सी बारिश शुरू होते ही मार्ग कीचड़ में तबदील हो जाता है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द मार्ग की सुध ली जाए।

Related posts