
श्रीनगर। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में एमबीबीएस के आगामी सत्र में प्रवेश के लिए एमसीआई के जरूरी मानकों को 20 करोड़ की लागत से पूरा किया जाएगा। इसके तहत टीचिंग अस्पताल में 100 सीटेड इंटर्न हॉस्टल के अलावा ग्रामीण और शहरी केंद्रों के लिए भी 20-20 सीटेड इंटर्न हॉस्टल तैयार होेंगे। इसके लिए शासन की ओर से धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है।
बेस अस्पताल सहित राजकीय मेडिकल कालेज के संयुक्त अस्पताल स्थित शहरी केंद्र और कीर्तिनगर स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र में इंटर्नशिप कर रहे एमबीबीएस इंटर्न के लिए शीघ्र ही हॉस्टल की अलग व्यवस्था होगी। एमसीआई के मानकों को पूरा करने के लिए एमसीआई को सौंपे गए शासनादेश में विभिन्न 14 बिंदुओं में से निर्माण कार्यों के लिए 20 करोड़ के बजट की स्वीकृति की गई है।
स्वीकृत बजट से सिंचाई विभाग के ब्लॉक संख्या 9 और 10 के 24 भवनों की मरम्मत की जाएगी, जिसमें बेस अस्पताल के समीप स्थित हॉस्टल के कर्मचारियों को सिंचाई विभाग कालोनी में शिफ्ट किया जाना है। यही हॉस्टल इंटर्न हॉस्टल के लिए प्रयोग में लाया जाएगा। इसके अलावा कीर्तिनगर ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र और श्रीनगर स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र में भी 20-20 सीटेड इंटर्न हॉस्टल की व्यवस्था होगी। इसके अलावा 200 बेड वार्ड की फर्निंशिंग और ऑडिटोरियम में छूटे हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने में बजट खर्च किया जाएगा।
शीघ्र शुरू होगा काम
सभी कार्यों पर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। उम्मीद है कि एमसीआई की ओर से दिए गए 14 बिंदुओं पर कार्रवाई पूर्ण होने की दशा में आगामी बैठक में एमसीआई आगामी सत्र में प्रवेश की अनुमति दे देगी। – डा. वीएल जहागिरदार, प्राचार्य, मेडिकल कालेज।
