2.50 लाख का लीसा बरामद ,तीन को जेल भेजा

गरुड़। डंगोली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ढाई लाख रुपये का अवैध रूप से ले जाया जा रहा लीसा बरामद करने के साथ ही वाहन चालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है।
थानाध्यक्ष डंगोली गोपाल राम आर्य पुलिस बल के साथ डंगोली तिराहे के पास शुक्रवार को चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच कंधार से बैजनाथ की ओर जा रहे महिंद्रा डीआई संख्या यूके 02 सीए-0237 की चोकिंग की तो उसमें अवैध रूप से ले जाया जा रहा दो सौ बीस टिन अवैध लीसा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन में सवार लीसा ठेकेदार मेहरवान सिंह, वाहन चालक रमेंद्र सिंह निवासी डोलगांव और वाहन स्वामी आनंद सिंह निवासी लड़खेत (मनाखेत) को गिरफ्तार कर कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध लीसे का बाजार भाव ढाई लाख रुपये से अधिक है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों अभियुक्तों के खिलाफ 26 फारेस्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के बाद सीजेएम बागेश्वर के सामने पेश करने बाद जेल भेज दिया है। मालूम हो कि डंगोली पुलिस को एक माह के अंदर दो बार अवैध लीसे का जखीरा पकड़ने में सफलता मिली है। उधर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गलई कंधार में ताला तोड़कर स्कूल में रखी सामाग्री इधर-उधर करने की सूचना प्रधानाचार्य ने डंगोली पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related posts